तेंदुए ने 8 फीट की दीवार फांदी, कैंपस में घूमता दिखा तो कंपनी मैनेजमेंट ने इंप्लाइज को दिन की छुट्टी दी
हरियाणा, 2 मई। वाकई कभी इंसान जंगल में जाते हुए आदमखोर जानवरों से घबराता था, अब जंगल कटने से वही जानवर शहर में आकर इंसान से घबराने लगे हैं। ताजा मामला रोहतक का सामने आया है। जहां मारुति कंपनी के कैंपस में तेंदुआ घुस गया।
जानकारी के मुताबिक देर रात कैंपस में तेंदुआ घूमता दिखाई दिया। इसके बाद से कर्मचारियों और परिसर में रहने वाले अधिकारियों में दहशत का माहौल बन गया। कंपनी मैनेजमेंट ने इसे देखते हुए प्लांट में दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी। यहां काबिलेजिक्र है कि बलियाणा आईएमटी में मारुति कंपनी का प्लांट हैं। यहां एक मई की रात तेंदुआ आठ फीट की दीवार के साथ लगते पेड़ से अंदर घुसा। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान कैंपस में तेंदुए के घुसने का पता चला। कंपनी मैनेजमेंट की ओर से इसका एक सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया गया।
इस मामले में वन्य जीव विभाग के एसआई चरण सिंह के मुताबिक मारुति कंपनी में तेंदुए के होने की एक फुटेज मिली है, जिसके बाद टीम गांव में गई है। वहीं, थाना सदर की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से तेंदुए की तलाश की गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक तेंदुए के बारे में ताजा जानकारी हासिल नहीं हो सकी।
———-