व्यावसायिक केंद्र को बेहतर बनाने के लिए निगम ने लगाई विशेष टीमें और आधुनिक मशीनरी; मेयर व कमिश्नर ने संभाली निगरानी, दावा—एक सप्ताह में सेक्टर-5 की तस्वीर बदलेगी।

पंचकूला: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से सेक्टर-5 के रखरखाव की जिम्मेदारी मिलने के तुरंत बाद पंचकूला नगर निगम ने क्षेत्र में विशेष सफाई एवं रखरखाव अभियान शुरू कर दिया है। निगम की विशेष टीमें और आधुनिक मशीनरी मिशन मोड में कचरा उठाने, सड़कों के किनारों की सफाई और लंबे समय से लंबित रखरखाव कार्यों को पूरा करने में जुटी हैं। निगम का दावा है कि अगले एक सप्ताह में सेक्टर-5 में स्पष्ट बदलाव दिखाई देगा।

मेयर श्याम लाल बंसल ने कहा कि सेक्टर-5 शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है और इसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित व बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला क्षेत्र बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए समयबद्ध तरीके से अभियान पूरा करने की बात कही।

नगर निगम आयुक्त विनय कुमार स्वयं अभियान की निगरानी कर रहे हैं और नियमित निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेक्टर-5 शहर की पहचान है, इसलिए यहां स्वच्छता और रखरखाव का उच्च स्तर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

सेक्टर-5 मार्केट एसोसिएशन ने नगर निगम की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अभियान पूरा होने के बाद क्षेत्र और अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आकर्षक व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।