चंडीगढ़ : नगर निगम चंडीगढ़ ने सेक्टर-36ए और 36डी के निवासियों को फिटनेस और मनोरंजन की नई सुविधा देते हुए पार्कों में ओपन जिम और बच्चों के खेल उपकरणों का लोकार्पण किया। इस मौके पर पौधारोपण अभियान और विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान की भी शुरुआत की गई।
लोकार्पण समारोह का शुभारंभ क्षेत्र के पार्षद एवं पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर जसबीर सिंह बंटी के पिता सरदार भाग सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम के तहत सेक्टर-36ए में मकान नंबर-206 के समीप स्थापित ओपन जिम और बच्चों के खेल उपकरण जनता को समर्पित किए गए। वहीं सेक्टर-36डी में मकान नंबर-1544 के पास बने ओपन जिम तथा मकान नंबर-1574 के सामने लगाए गए बच्चों के खेल उपकरणों का भी उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान चलाया गया। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग (एमओएच) ने विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को कचरे के उचित निस्तारण, साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए सेक्टर-36डी के अध्यक्ष दिनेश कपिला की पुस्तक “The Various Hues of Life – A Collection of Thoughts and Insights” का भी विमोचन किया गया।
स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पार्षद जसबीर सिंह बंटी के प्रयासों से सेक्टर-36 में पार्कों का विकास, हरियाली और नागरिक सुविधाओं में लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह जनहित के विकास कार्य जारी रखने की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए सेक्टर-36ए के अध्यक्ष मेजर जनरल सी.एस. वेबली, आरडब्ल्यूए सेक्टर-36डी के अध्यक्ष दिनेश कपिला, आरडब्ल्यूए सेक्टर-36बी के अध्यक्ष परमजीत सिंह, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी रोहित गर्ग, अन्य निगम अधिकारी, सामाजिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।