श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में आयोजित मेरा युवा भारत कार्यक्रम में कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा स्वास्थ्य, धन और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाता है। कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पलवल (प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी) : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि नशे की लत पूरी जिंदगी बर्बाद कर देती है। नशा न केवल सेहत, धन और परिवार को खत्म करता है, बल्कि इससे सामाजिक प्रतिष्ठा भी खत्म हो जाती है। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार सोमवार को मेरा युवा भारत कार्यक्रम के अंतर्गत एसवीएसयू में आयोजित इवेंट में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने युवाओं को नशे की लत से आगाह किया और हमेशा नशे को ना कहने के लिए प्रेरित किया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने नशे से बचने के लिए युवाओं से किसी न किसी एक खेल से जुड़ने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि कोई एक खेल खेलो और कोई एक विदेशी भाषा सीखो, आपके लिए सफलता के द्वार खुलने तय हैं।

जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रियंका मलिक ने कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने 'मेरा युवा भारत' कार्यक्रम में सहयोग के लिए छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर कुलवंत सिंह, डिप्टी डीएसडब्ल्यू डॉ. भावना रूपराई और डॉ. दलीप को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान चल रहा है। इसके अंतर्गत हम युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रियंका मलिक ने युवाओं से स्वयं को मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकृत करने का आह्वान किया और इसकी गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। आयोजन टीम में शामिल पुष्पेंद्र ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, शिवदत्त खुटेला, ऋतु कौशिक और आकृति ने भी युवाओं को प्रेरित किया। पुष्पेंद्र ठाकुर ने बताया कि नशे के विरुद्ध थीम पर आयोजित चित्रकला में शगुन प्रथम, नंदिनी द्वितीय और चित्र तृतीय स्थान पर रही।

काव्य पाठ में स्वाति प्रथम, प्राची द्वितीय और मयूर तृतीय स्थान पर रहे।नृत्य में साक्षी प्रथम, ख़ुशी द्वितीय और ख़ुशी ही तृतीय रही। डिबेट में सुहानी पहले, तेजस्वी दूसरे और योगिता तीसरे स्थान पर रही। शार्ट फिल्म में प्राची शर्मा प्रथम, सूरज द्वितीय और यश सांगवान तीसरे स्थान पर रहे। स्लोगन में सूरज पहले, अनामिका दूसरे एयर पुष्पेंद्र तीसरे स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार एवं युवा कल्याण अधिकारी प्रिंयका मलिक ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।