लुधियाना: पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित LRGMA का आठवां विंटर एडिशन गारमेंट कारोबार के लिए ब्लॉकबस्टर साबित हो रहा है। एक्सपो के दूसरे दिन भी देश के विभिन्न राज्यों से आए निर्माताओं, थोक विक्रेताओं, डिस्ट्रीब्यूटर्स और रिटेल खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार दो दिनों में ट्रेड विजिटर्स का आंकड़ा 10 हजार के पार पहुंच गया है।
प्रदर्शनी में 200 से अधिक गारमेंट ब्रांड्स ने अपनी नई विंटर कलेक्शन, बच्चों के परिधान, स्वेटर, जैकेट, इनरवियर, फैशन वियर और होजरी उत्पादों की विस्तृत रेंज प्रदर्शित की है। स्टॉलों पर खरीदारों की लगातार आवाजाही और कारोबार को लेकर हुई बैठकों के चलते विशेषज्ञों ने इसे अब तक के सबसे सफल गारमेंट एक्सपो में शामिल किया है।
LRGMA के चेयरमैन दर्शन लाल गाबा और प्रधान संदीप बहल ने कहा एक्सपो का सबसे बड़ा लाभ निर्माताओं और खरीदारों के बीच सीधा व्यापारिक संपर्क है। इससे कंपनियों की मार्केटिंग लागत कम होती है और उन्हें एक ही मंच पर विभिन्न राज्यों के खरीदारों से ऑर्डर प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि हलवारा एयरपोर्ट से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने पर लुधियाना के निर्माता राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अधिक तेजी से पहुंच सकेंगे।
इस दौरान विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, जनता लीडर सन्नी भल्ला सहित अनेक गणमान्य लोगों ने प्रदर्शनी का दौरा किया।