लुधियाना/चंडीगढ़: लुधियाना ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर क्लब के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज चंडीगढ़ में स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) पंजाब और ज्वाइंट स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर से मुलाकात कर वाहन पोर्टल पर आरसी ट्रांसफर तथा इससे जुड़ी अन्य सेवाओं को सरल और सुचारू बनाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि मौजूदा ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान ट्रांसपोर्टरों, कमर्शियल वाहन डीलरों और वाहन मालिकों को कई तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आधार ओटीपी के विकल्प के रूप में अन्य सत्यापन व्यवस्था उपलब्ध कराने, सिंगल विंडो प्रोसेसिंग लागू करने तथा दस्तावेजों की जांच और मंजूरी की प्रक्रिया को तेज करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रक्रिया सरल होने से लोगों का समय बचेगा और सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर भी कम होंगे। अधिकारियों ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर क्लब के प्रधान जोधा सिंह, महासचिव जतिंदर पाल सिंह मक्कड़, कैशियर अमरजीत सिंह बिखी, एसटीएसी पंजाब के प्रधान अवतार सिंह तारी, दविंदर सिंह वालिया, तरुण सिंगला, नरेंद्र सिंह चीमा, दमन खालसा, राजेश सूद, अमृतपाल सिंह और सुखविंदर सिंह चावला मौजूद रहे।