घर के बाहर खड़ी लग्जरी कार में की थी तोड़फोड़, पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद; पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पांच आरोपियों को दबोचा, फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी।

चंडीगढ़: डड्डूमाजरा कॉलोनी में युवक के घर के बाहर हथियारों से लैस होकर उत्पात मचाने और लग्जरी कार में तोड़फोड़ करने के मामले में मालोया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता विशाल ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह करीब चार बजे 8 से 9 युवक डंडे, तलवार और पत्थर लेकर उसके घर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज और हंगामे के बाद उसकी वोक्सवैगन वर्टस कार का पिछला शीशा तोड़ दिया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

महिला एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देश, एसपी (सिटी) के.एम. प्रियंका और एसडीपीओ साउथ-वेस्ट धीरज कुमार की निगरानी में इंस्पेक्टर बलदेव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ध्रुव उर्फ अज्जू, शुभम उर्फ मोटा, आशुदीप उर्फ बैटरी, प्रिंस उर्फ घोड़ा और अंकुश उर्फ हकला को गिरफ्तार कर लिया। एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।