जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : लुधियाना (ग्रामीण) पुलिस ने थाना सिटी जगरांव के अंतर्गत चोपड़ा अस्पताल में हुई सनसनीखेज लूटपाट की वारदात को मात्र 3 से 4 घंटे के भीतर ही सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा जीप बरामद की है।
क्या है पूरा मामला?
एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि थाना सिटी जगरांव के मुख्य अफसर इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह और सी.आई.ए. इंचार्ज इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह की पुलिस पार्टी ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
शिकायतकर्ता बृज कुमार चोपड़ा निवासी पुराना अस्पताल रोड, चोपड़ा अस्पताल जगरांव के बयानों पर मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई को चोपड़ा अस्पताल में एक लड़की और 5 अज्ञात व्यक्ति दाखिल हुए। आरोपियों में से एक ने तबीयत खराब होने का नाटक किया, जिसके बाद मुद्दई (शिकायतकर्ता) ने उसे ग्लूकोज की बोतल लगा दी। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने कपड़ा रखकर उसका मुंह घोंट दिया और उसे पिछले कमरे में ले गए।
आरोपियों ने टेबल की दराज से 46 हजार रुपये, जेब से 25,000/- रुपये नकद, सोने की मुद्रिका (अंगूठी) और एक सैमसंग मार्का मोबाइल फोन लूट लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम:
बलवंत सिंह पुत्र विहारा सिंह,
पवनप्रीत कौर उर्फ किरन पुत्री बलवंत सिंह, बेअंत कौर पत्नी बलवंत सिंह,
आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी गांव लीखां मेष सिंह,
राहुल पुत्र जसंवत सिंह वासी सिंधवां बेट।
पुलिस द्वारा पकड़ी गई आरोपी महिला पवनप्रीत कौर उर्फ किरन के खिलाफ पहले भी अन्य जिलों (एस.एस.ए. नगर) में मामले दर्ज हैं।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है और उनसे गहराई से पूछताछ की जा रही है। जिला लुधियाना (ग्रामीण) पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा ताकि समाज को अपराध मुक्त बनाया जा सके।