watch-tv

लुधियाना के AAP यूथ प्रधान पर का फर्जीवाड़ा आया सामने, दर्ज हुई FIR

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

12‌वीं फेल होने के बावजूद बनाया जाली सर्टीफिकेट, उसी आधार पर ली एलएलबी की जाली डिग्री

लुधियाना/10 अप्रैल। लुधियाना में आम आदमी पार्टी (आप) के जिला यूथ वर्किंग प्रधान परमिंदर सिंह संधू ने 12वीं फेल होने के बावजूद 12वीं का जाली सर्टीफिकेट बनवा डाला। जिसके बाद उसी सर्टीफिकेट के आधार पर एलएलबी की जाली डिग्री लेकर वकील बन गया। जिसके बाद खुद ही एक वकील के खिलाफ जाली एलएलबी की डिग्री देने की शिकायत देकर पर्चा करवा दिया। उक्त शिकायत की जांच के बाद खुलासा हुआ। थाना डिवीजन नंबर 5 में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान टिब्बा रोड के गोपाल नगर के रहने वाले परमिंदर सिंह संधू के रुप में हुई है।

पहले खुद ही वकील खिलाफ दर्ज कराया मामला
जानकारी के अनुसार परमिंदर संधू ने खुद ही 11 नवंबर 2022 को डिवीजन नंबर 5 थाने में एडवोकेट दीपक प्रजापति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि दीपक ने उसे वकालत करने के लिए फर्जी लाइसेंस मुहैया कराया है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि परमिंदर सिंह संधू द्वारा पेश किया गया 12वीं कक्षा का प्रमाण पत्र फर्जी था।

2020 में सर्टीफिकेट खो जाने के दिए बयान
यह कार्रवाई एडवोकेट डेविड गिल की शिकायत पर हुई है। एडवोकेट डेविड गिल ने 30 जनवरी 2023 को दर्ज कराई अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी परमिंदर सिंह संधू द्वारा एलएलबी में दाखिला लेने के लिए पेश किया 12वीं कक्षा का प्रमाण पत्र फर्जी है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की। पुलिस के अनुसार संधू ने एलएलबी में दाखिले के लिए दिल्ली बोर्ड ऑफ सीनियर सेकेंडरी एजुकेशन द्वारा जारी 12वीं के सर्टिफिकेट का इस्तेमाल किया था। जांच के दौरान उसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने 2008 में पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड, मोहाली से 12वीं पास की थी, लेकिन जनवरी 2020 में उसका सर्टिफिकेट खो गया।

राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस नहीं ले रही थी एक्शन
पुलिस ने दिल्ली बोर्ड से संपर्क किया तो पता चला कि संधू 2008 में 12वीं फेल हो गया था। दिल्ली बोर्ड ऑफ सीनियर सेकेंडरी एजुकेशन द्वारा जारी सर्टिफिकेट फर्जी था। एडवोकेट गिल ने कहा कि राजनीतिक दबाव के कारण संधू पर कोई एक्शन पुलिस नहीं ले रही थी। चुनाव आयोग से शिकायत करने के बाद ही संधू को नामजद किया गया है।

आप विधायकों व चेयरमैनों का है करीबी
जानकारी के अनुसार परमिंदर संधू आम आदमी पार्टी के लुधियाना के विधायकों का बेहद करीबी है। उसे अक्सर विधायकों के साथ कई समागम में देखा गया है। जबकि इसकी फोटोज भी सोशल मीडिया पर मौजूद है। जबकि हैरानी की बात तो यह है कि आप सरकार के नेता खुद का दामन साफ बताते थे। लेकिन अब उनके ही नेताओं के ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। जबकि लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट समेत कई चेयरमैनों के साथ संधू की काफी नजदीकियां है।

Leave a Comment