धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में वीएचपी शिक्षा वर्ग का शानदार समापन, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल

कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) : विश्व हिंदू परिषद, इंद्रप्रस्थ क्षेत्र द्वारा आयोजित परिषद शिक्षा वर्ग – कुरुक्षेत्र का समापन समारोह आज गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र में उत्साह एवं राष्ट्रभावना के वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता संत दिव्यानंद महाराज ने की, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में व्यवसायी सुनील सिंगला की विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थिति रही।
अपने उद्बोधन में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि "परिषद शिक्षा वर्ग केवल प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र, धर्म और समाज के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं के निर्माण की एक सशक्त प्रक्रिया है। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचकर सेवा, संस्कार और संगठन के कार्य को गति प्रदान करे।

उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद वर्तमान में पंच परिवर्तन, गौ संरक्षण, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा धर्मांतरण की चुनौतियों के प्रति समाज को जागरूक करने के विषयों पर विशेष कार्य कर रही है। समाज के प्रत्येक वर्ग को इन विषयों में सक्रिय भूमिका निभाकर राष्ट्र निर्माण के कार्य में अपना योगदान देना चाहिए।"समारोह अध्यक्ष पूज्य दिव्यानंदमहाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “भारत की सनातन संस्कृति विश्व को मार्गदर्शन देने की क्षमता रखती है। युवाओं को अपने जीवन में धर्म, संस्कार और राष्ट्रभक्ति को आत्मसात कर समाज के लिए आदर्श बनना चाहिए।”

विशिष्ट अतिथि सुनील सिंगला ने कहा कि “संगठित समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। परिषद के प्रशिक्षण वर्ग समाज में जागरूक, अनुशासित और राष्ट्रनिष्ठ कार्यकर्ताओं की नई पीढ़ी तैयार कर रहे हैं।”वर्ग के बौद्धिक प्रमुख ओंकार ने शिक्षा वर्ग की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ग के दौरान प्रतिभागियों को संगठन, सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने सभी आगंतुकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

विश्व हिंदू परिषद समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्रहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।”
समारोह में जम्मू कश्मीर हिमाचल प्रदेश पंजाब हरियाणा और दिल्ली क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति तथा युवाओं ने सहभागिता कर संगठन की कार्ययोजना एवं राष्ट्र निर्माण मैं अपना सहयोग देने का संकल्प लिया।
समापन समारोह के अंत में राष्ट्र एवं धर्म की उन्नति के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया तथा सभी अतिथियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, मातृशक्ति, युवा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।