पंजाब में हल्का कोहरा और कोल्ड वेव चलने से ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई, जिससे मिनिमम टेम्परेचर सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे चला गया। फरीदकोट इस समय सबसे ज्यादा ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान सिर्फ 3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
11 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए पंजाब के 11 जिलों में कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, फाजिल्का, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला शामिल हैं। आने वाले दिनों में मिनिमम टेम्परेचर और गिर सकता है। फिलहाल मौसम सूखा बना हुआ है।
अधिकतम तापमान में भी गिरावट
पंजाब के मैक्सीमम तापमान में भी 0.5 डिग्री की कमी देखी गई, जो सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे रहा। सबसे ज्यादा 28.2 डिग्री तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड हुआ। अमृतसर में न्यूनतम पारा 6.3 डिग्री, लुधियाना 4.2, पटियाला 6.5 और फिरोजपुर 6.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 21.1 और लुधियाना का 22.0 डिग्री दर्ज हुआ।
