डेराबस्सी : अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर गांव जवाहरपुर के नजदीक केएफसी के सामने शुक्रवार को चलते ट्रक का अचानक टायर फटने से हादसा हो गया। डेराबस्सी से लालड़ू की ओर जा रहा ट्रक टायर फटते ही अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
ट्रक मुख्य मार्ग पर पलटने के कारण यातायात बाधित हो गया और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों को जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही डेराबस्सी ट्रैफिक इंचार्ज सुरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करने के साथ क्रेन मंगवाकर सड़क के बीच पलटे ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू करवाई। ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क किनारे करवाने के बाद बाधित यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया। इसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।