हांसी : जिला बनने के बाद हांसी इस बार पहली बार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का गवाह बनने जा रहा है। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले इस खास समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे और तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हांसी में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और जिला सचिवालय को तिरंगे और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। पूरे शहर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल है।
मुख्य समारोह राजकीय महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा, जहां भव्य पंडाल तैयार किया गया है। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अनाज मंडी में भी तैयारियां की गई हैं।
इस बार हांसी के लिए समारोह इसलिए भी खास है क्योंकि जिला बनने के बाद पहली बार यहां जिला स्तर पर स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ध्वजारोहण के साथ समारोह में शामिल लोगों को संबोधित भी करेंगे।
वहीं, हरियाणा के अन्य जिलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए मुख्य अतिथियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष यमुनानगर में तिरंगा फहराएंगे, जबकि विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे।