लुधियाना: भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऊधम सिंह नगर में 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और महान दार्शनिक, कवि व स्वतंत्रता सेनानी श्री अरविंद की जयंती के उपलक्ष्य में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में देशभक्ति, रचनात्मकता और आत्मनिर्भर भारत की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों ने शानदार देशभक्ति कोरियोग्राफी से स्वतंत्रता संग्राम की भावना जीवंत कर दी। कक्षा चौथी ने तिरंगा क्राफ्ट के जरिए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान जताया, जबकि कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने श्री अरविंद के जीवन, राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता संघर्ष पर आधारित प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुत किया।
कक्षा छठी और एनसीसी कैडेट्स ने नारा लेखन व चेतना रैली के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और नागरिक कर्तव्यों का संदेश दिया। कक्षा सातवीं के समूहगान ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को नमन किया। वहीं, कक्षा नौवीं में ‘डिजिटल इंडिया—स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता का नया चेहरा’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता हुई। कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने शानदार सामूहिक नृत्य से भारत की विविधता और एकता को मंच पर उतारा।
प्रधानाचार्य पवन सूद ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को श्री अरविंद के आदर्शों से प्रेरणा लेकर ज्ञान, अनुशासन और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।