जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जगरांव की ओर से एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में भाजपा की वरिष्ठ लीडरशिप के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा थामे जब भाजपा कार्यकर्ताओं और बच्चों ने सड़कों पर मार्च किया, तो पूरा जगरांव ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।
सर्वहितकारी स्कूल से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा पुरानी सब्जी मंडी रोड, कमल चौक, रायकोट रोड, झांसी रानी चौक, सदन मार्केट और अनारकली बाजार जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई वापस सर्वहितकारी स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई।
शहरवासियों ने किया स्वागत: जगह-जगह इस यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
शहीद लाला लाजपत राय पार्क में दी गई श्रद्धांजलि:
यात्रा के दौरान नगर परिषद के सामने स्थित शहीद लाला लाजपत राय पार्क में एक विशेष पड़ाव रहा। यहां भाजपा नेताओं और स्कूली बच्चों ने महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश के लिए उनके द्वारा दिए गए बलिदान को याद किया।
राष्ट्र निर्माण में योगदान की अपील: इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शर्मा ने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनगिनत सेनानियों के संघर्ष का परिणाम है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और तरक्की के लिए अपना योगदान दे। उन्होंने देश को विश्व गुरु बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर काम करने और राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
इस भव्य तिरंगा यात्रा में जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शर्मा सहित सुमित अरोड़ा, गुरसिमरण सिंह गिल, अजीत सिंह अखाड़ा, कंवर नरेंद्र सिंह, सतीश कुमार पप्पु, डॉ. बी.बी. सिंगला, किशन कुमार, अनिल कुमार शांटी, टोनी वर्मा और अन्य कई गणमान्य लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे।