अमृतसर (आर. के. उप्पल) : तेज रफ्तार यातायात के दौर में स्कूल बसों और वैन में सफर करने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ट्रैफिक एजुकेशन सेल के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर दलजीत सिंह और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों, स्कूल वैन चालकों और हेल्परों को आवश्यक सुरक्षा निर्देश दिए।
डी.जी.पी. स्पेशल एंड ट्रैफिक, पंजाब, पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल तथा ए.डी.सी.पी. अमनदीप कौर के दिशा-निर्देशों के अनुसार उक्त अभियान चलाया जा रहा है!
बच्चों को चढ़ते-उतरते समय सावधानी बरतने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस टीम ने बच्चों को स्कूल वैन में चढ़ते और उतरते समय विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। बच्चों को बताया गया कि वैन से उतरते समय लेडी हेल्पर की सहायता लें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि बच्चे को उसके घर के दरवाजे तक सुरक्षित पहुंचाया जाए।
लेडी हेल्पर को भी निर्देश दिए गए कि बच्चे के घर पहुंचने के संबंध में अभिभावकों को सूचित करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
स्कूल वैन में जरूरी सुरक्षा सुविधाएं अनिवार्य
ट्रैफिक पुलिस ने स्कूल वैन में आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की नियमित जांच पर जोर देते हुए सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, लेडी हेल्पर और पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा वैन की खिड़की के पास वाली सीट को उल्टी दिशा में लगाने तथा चालक और हेल्पर की यूनिफॉर्म पर नेम प्लेट लगाने के निर्देश भी दिए गए।
नियमों का पालन ही बच्चों की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी
ट्रैफिक एजुकेशन सेल की टीम ने कहा कि पिछले समय में सामने आए सड़क हादसों को देखते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना बेहद जरूरी है। स्कूल वैन चालकों और हेल्परों से अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ निभाने की अपील की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल वैन की सुविधाओं और सुरक्षा मानकों की स्वयं जांच करें। यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे को नियमों के अनुरूप सुरक्षित तरीके से स्कूल ले जाया जाए और घर वापस पहुंचाया जाए।