गोलबाग स्थित शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक में आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के सदस्य शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। स्कूली बच्चों की ओर से देशभक्ति गीत और शहीद के जीवन पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

अमृतसर (आर. के. उप्पल) : पंजाब सरकार द्वारा महान क्रांतिकारी एवं देशभक्त शहीद मदन लाल ढींगरा जी के शहीदी दिवस के अवसर पर 17 अगस्त को अमृतसर में राज्य स्तरीय समारोह सुबह 10 बजे गोलबाग स्थित शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक में आयोजित होगा।

समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक की संरक्षक बीबी लक्ष्मी कांता चावला, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा, एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्रीमती अलका कालिया सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधायकगण तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किए जाएंगे तथा शहीद मदन लाल ढींगरा जी के जीवन एवं देश के प्रति उनके बलिदान पर आधारित नाटक भी पेश किया जाएगा।

जिला वासियों से समारोह में पहुंचने की अपील

डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मारक के आसपास साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने समस्त जिला वासियों को 17 अगस्त को सुबह 10 बजे गोलबाग स्थित स्मारक पहुंचकर महान क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने का निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक के अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा, मैडम माला चावला, सहायक सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर पाल कौर, एस.पी. सिटी विशालजीत सिंह, ए.सी.पी. सुरिंदर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।