अंबाला : विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ के प्रकल्प पंजाबी बिरादरी विकास सभा हरियाणा की ओर से सेक्टर-7 स्थित श्री अरुण जी महाराज वाटिका में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 1947 के विभाजन के कारणों और उस दौरान हुई त्रासदी पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट संदीप सचदेवा ने कहा कि देश का विभाजन केवल जमीन का बंटवारा नहीं था, बल्कि लाखों परिवारों के विस्थापन, हिंसा और अपनों को खोने की पीड़ा से जुड़ी त्रासदी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों और सत्ता की लालसा ने विभाजन की स्थिति पैदा की।
सचदेवा ने कहा कि पाकिस्तान से अपना घर, संपत्ति और परिवार छोड़कर भारत आए लोगों का दर्द आज भी पीढ़ियों को कचोटता है। उन्होंने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस घोषित करने के केंद्र सरकार के फैसले की सराहना की।
उन्होंने प्रशासनिक कार्यक्रमों में पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों को पर्याप्त भागीदारी न दिए जाने पर नाराजगी जताई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। हवन-यज्ञ के बाद विभाजन में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई और प्रसाद वितरित किया गया।