चंडीगढ़ के सेक्टर-29 में 29,440 वर्ग फुट में बनने वाले नए G+2 कम्युनिटी सेंटर का निर्माण 12 जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने इसे केवल शादी समारोहों तक सीमित न रखकर युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए गतिविधियों का केंद्र बनाने पर जोर दिया। सेंटर में पार्किंग, सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और बैरियर-फ्री सुविधाएं भी होंगी।

चंडीगढ़ : सेक्टर-29 के लोगों को जल्द आधुनिक सुविधाओं से लैस नया कम्युनिटी सेंटर मिलने जा रहा है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को सेक्टर-29 में करीब 7.85 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक कम्युनिटी सेंटर का नींव पत्थर रखा। यह प्रोजेक्ट 12 जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस मौके पर मेयर सौरभ जोशी, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, IAS, पूर्व मेयर एवं एरिया पार्षद हरप्रीत कौर बबला, अन्य पार्षद और चंडीगढ़ प्रशासन व नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सिर्फ शादी समारोह तक सीमित न रहे सेंटर : कटारिया

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि कम्युनिटी सेंटर केवल एक इमारत नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल, सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक सौहार्द का केंद्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां बच्चों और युवाओं के लिए रचनात्मक गतिविधियां, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम और महिलाओं के लिए कौशल विकास जैसी गतिविधियां आयोजित की जा सकती हैं।

उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि सेंटर को केवल शादी और सामाजिक कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे वास्तविक ‘कम्युनिटी कनेक्ट सेंटर’ के रूप में विकसित किया जाए।

दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी सुविधाएं

कटारिया ने सार्वजनिक सुविधाओं को समावेशी और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बैरियर-फ्री प्रवेश, सुविधाजनक शौचालय, प्राकृतिक रोशनी व वेंटिलेशन, वर्षा जल संचयन, सौर ऊर्जा और ऊर्जा दक्ष प्रणालियों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे कम्युनिटी सेंटरों को ‘जन उपयोगी केंद्र’ के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

29,440 वर्ग फुट के प्लॉट पर बनेगा G+2 भवन

मेयर सौरभ जोशी ने बताया कि प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर 29,440 वर्ग फुट के प्लॉट पर बनाया जाएगा। इसमें ग्राउंड प्लस दो मंजिल यानी G+2 भवन होगा। इसकी कुल कवर्ड एरिया 17,006 वर्ग फुट होगी।

ग्राउंड फ्लोर पर 8,511 वर्ग फुट, पहली मंजिल पर 3,968 वर्ग फुट और दूसरी मंजिल पर 4,527 वर्ग फुट क्षेत्र होगा। इसके अलावा करीब 6,600 वर्ग फुट में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

1986 में बना था पुराना सेंटर

पूर्व मेयर एवं एरिया पार्षद हरप्रीत कौर बबला ने बताया कि मौजूदा कम्युनिटी सेंटर का निर्माण करीब 1986 में हुआ था और यह लगभग चार दशकों से स्थानीय लोगों की सेवा कर रहा था। लंबे समय तक इस्तेमाल के कारण भवन काफी जर्जर हो चुका था और इसके संरचनात्मक हिस्सों में भी खराबी आ गई थी, जिसके चलते नया सेंटर बनाने की जरूरत महसूस हुई।

‘मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी’ पर दिया जोर

राज्यपाल ने नागरिकों से सार्वजनिक सुविधाओं को अपनी संपत्ति समझकर उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को साफ, सुंदर और बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कचरे को स्रोत पर अलग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने, पानी-बिजली बचाने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कम्युनिटी सेंटर युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार मार्गदर्शन, उद्यमिता, खेल, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण जागरूकता और नशा मुक्ति जैसी गतिविधियों का मंच भी बन सकता है।

12 जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत ₹7,84,67,378 (करीब 7.85 करोड़ रुपये) है। इसे 12 जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के साथ गुणवत्ता और रखरखाव के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकसित शहर की पहचान केवल आधुनिक इमारतों से नहीं, बल्कि स्वच्छ, हरा-भरा, सुरक्षित, समावेशी और नागरिकों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील वातावरण से होती है। सेक्टर-29 का नया कम्युनिटी सेंटर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।