मोहाली : 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आपसी तालमेल बढ़ाने का फैसला किया है। इसी सिलसिले में डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल और चंडीगढ़ की डीएसपी गुरजीत कौर की अगुवाई में दोनों शहरों के पुलिस अधिकारियों की कोऑर्डिनेशन मीटिंग हुई। बैठक में चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर संयुक्त नाके लगाने, संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच करने और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर सहमति बनी।
बैठक में खास तौर पर सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने माना कि दोनों शहरों की सीमा से सटे कुछ इलाकों में हद स्पष्ट नजर नहीं आती और कई स्थानों पर ‘नो मैन्स लैंड’ जैसी स्थिति बन जाती है। ऐसे में वारदात के बाद अपराधियों के एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में भागने की संभावना रहती है।
अपराधी सीमा का फायदा उठाकर नहीं बच पाएंगे
डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि बैठक में सब-डिवीजन-2 के अंतर्गत आने वाले सभी थाना प्रभारियों के अलावा चंडीगढ़ से लगते थानों के एसएचओ भी शामिल हुए। दोनों पुलिस विभागों के अधिकारियों ने तय किया कि किसी वारदात के बाद आरोपी दूसरे क्षेत्र में भागता है तो संबंधित पुलिस को तत्काल सूचना देकर संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, कई बार अपराधियों का पीछा करते हुए पुलिस टीम सीमा क्षेत्र तक पहुंच जाती है और अधिकार क्षेत्र का हवाला देकर कार्रवाई में दिक्कत आती है। अब ऐसी स्थिति में दोनों पुलिस बल आपसी तालमेल से कार्रवाई करेंगे, ताकि अपराधी सीमा का फायदा उठाकर बच न सकें।
स्वतंत्रता दिवस पर बढ़ेगी निगरानी
15 अगस्त को देखते हुए सीमा से जुड़े संवेदनशील स्थानों पर संयुक्त नाके लगाए जाएंगे। नाकों पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक-दूसरे के साथ तत्काल सूचना साझा करने पर भी जोर दिया।
ट्रैफिक व्यवस्था पर भी रहेगा फोकस
बैठक में दोनों शहरों की सीमा से जुड़े मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। स्वतंत्रता दिवस के दौरान वाहनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए दोनों शहरों की पुलिस लगातार संपर्क में रहेगी। किसी मार्ग पर जाम या यातायात संबंधी समस्या आने पर आपसी समन्वय से उसे दूर किया जाएगा।