चंडीगढ़ : अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि युवा सिर्फ देश का भविष्य नहीं, बल्कि आज की सबसे बड़ी ताकत हैं।
मुख्यमंत्री ने एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान की शुरुआत करते हुए समाज से बीमारी नहीं, बल्कि बीमारी से जुड़े भेदभाव के खिलाफ लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि एचआईवी से पीड़ित व्यक्ति से दूरी बनाना अज्ञानता है। जागरूकता और सही जानकारी से ही इस लड़ाई को जीता जा सकता है।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए सैनी ने कहा कि जिस हाथ में हुनर होना चाहिए, उसमें नशे की सुई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ने पर भी जोर दिया। एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन, डिजिटल तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कौशल विकसित करने के लिए प्रशिक्षण पर फोकस किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की आईटीआई को करीब 3 हजार करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जा रहा है। साथ ही युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सरकार की एमएसएमई नीति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश और 5 लाख से ज्यादा रोजगार पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।