जीरकपुर : भाजपा डेराबस्सी के नेता मनप्रीत सिंह बन्नी संधू ने पीरमुछल्ला में आयोजित माता की चौकी में नतमस्तक होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार और स्थानीय नगर परिषदों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
संधू ने कहा कि डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र की जीरकपुर, लालड़ू और डेराबस्सी तीनों नगर परिषदों में आम आदमी पार्टी के पास प्रधानगी के साथ बहुमत भी है, इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में जलभराव, ट्रैफिक, सफाई, खराब स्ट्रीट लाइट, सड़क और जल निकासी जैसी बुनियादी समस्याएं आज भी लोगों के लिए परेशानी बनी हुई हैं।
उन्होंने विधायक पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में जनसमस्याओं का स्थायी समाधान करवाने के बजाय पानी का मुद्दा विधानसभा में उठाने और सोशल मीडिया पर वीडियो व रील डालने तक ही गतिविधियां सीमित रही हैं। संधू ने कहा कि जब सरकार और स्थानीय निकायों के पास पर्याप्त बहुमत है तो विकास कार्य समय पर पूरे क्यों नहीं हो रहे, इसका जवाब विधायक और नगर परिषद पदाधिकारियों को जनता के सामने देना चाहिए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि तीनों नगर परिषदों में सत्ता होने के बावजूद कई वार्डों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सोशल मीडिया पर उपलब्धियां गिनाने के बजाय जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
संधू ने कहा कि पार्षदों के बीच आपसी तालमेल की कमी और खींचतान भी सामने आती रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि सत्ता और बहुमत दोनों होने के बावजूद लोगों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं तो विकास के दावों की वास्तविकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
फोटो कैप्शन: पीरमुछल्ला में माता की चौकी में नतमस्तक होने पहुंचे भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बन्नी संधू।