जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी के सक्रिय नेता एवं पूर्व चेयरमैन कंवलजीत सिंह मल्ला को पंजाब का संगठनात्मक सचिव नियुक्त किया है। नियुक्ति की घोषणा के बाद मल्ला परिवार और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
नियुक्ति की जानकारी मिलते ही मल्ला हाउस में समर्थकों, पुराने मित्रों और पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। कार्यकर्ताओं ने कंवलजीत सिंह मल्ला का फूल-मालाओं से स्वागत किया और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।
पूर्व विधायक भाग सिंह मल्ला, जिला ग्रामीण अध्यक्ष चंद सिंह डल्ला और वरिष्ठ अकाली नेता दीपइंदर सिंह भंडारी ने कहा कि मल्ला को यह जिम्मेदारी मिलना जगरांव क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी।
कंवलजीत सिंह मल्ला ने कहा कि वह पार्टी की ओर से जताए गए भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कार्यकर्ताओं को साथ लेकर गांव-गांव और घर-घर तक पार्टी की नीतियां पहुंचाई जाएंगी तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा। इस मौके पर हरदेव सिंह बॉबी, जसबीर सिंह देहड़का, बूटा सिंह भम्मीपुरा, अमरजीत सिंह रसूलपुर और अवतार सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।