चंडीगढ़ (अजीत झा) : शहर में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मंगलवार को चंडीगढ़ के चार प्रमुख स्कूलों को धमकी भरी ई-मेल मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और सभी संबंधित स्कूलों में सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के बम जांच दल और डॉग स्क्वायड ने स्कूल परिसरों के अंदर और आसपास के क्षेत्रों को खंगाला। स्कूल भवनों, कमरों और अन्य संवेदनशील स्थानों की जांच के साथ आने-जाने वाले रास्तों पर भी नजर रखी गई। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी स्कूल से बम या कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
जिन स्कूलों को धमकी मिलने की सूचना है, उनमें कर्मेल कॉन्वेंट स्कूल सेक्टर-9बी, सेंट जॉन्स हाई स्कूल सेक्टर-26, सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-26 और सेंट स्टीफंस स्कूल सेक्टर-45बी शामिल हैं।
ई-मेल के पीछे कौन? साइबर टीम जांच में जुटी
धमकी मिलने के बाद पुलिस अब ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। साइबर विशेषज्ञ ई-मेल की तकनीकी जानकारी, उसके स्रोत और भेजने वाले की पहचान से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी किसी शरारती तत्व की करतूत है या इसके पीछे कोई संगठित साजिश है।
धमकियों का सिलसिला बना चुनौती
चंडीगढ़ में स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिलने का सिलसिला सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि मंगलवार की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा और ई-मेल भेजने वाले तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।