होशियारपुर (दलजीत अजनोहा) : डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 13 अगस्त को वोटर सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 16 अगस्त को जिले के सभी पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक संबंधित बूथों पर मौजूद रहेंगे। मतदाता वोटर सूची में अपना नाम और विवरण जांच सकेंगे तथा फॉर्म नंबर 6, 7 और 8 के माध्यम से दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। दावे और आपत्तियां 12 सितंबर तक संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के पास जमा कराई जा सकेंगी। इनका निपटारा 8 अक्टूबर तक करने के बाद 12 अक्टूबर को अंतिम वोटर सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिले में एसआईआर के तहत 12,68,648 मतदाताओं को गणना फॉर्म बांटे गए। इनमें 11,69,930 फॉर्म ऑफलाइन और 1,487 ऑनलाइन प्राप्त हुए। पुनरीक्षण के दौरान 15,265 मतदाता गैर-हाजिर, 48,512 स्थान छोड़ चुके और 28,475 मतदाता मृत पाए गए।