फाजिल्का (Naren Danu) : पंजाब के फाजिल्का जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस को लगातार दूसरी बड़ी सफलता मिली है। तीन दिन के भीतर हेरोइन की दूसरी बड़ी खेप पकड़ी गई है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की इंटेलिजेंस विंग द्वारा 30 किलो हेरोइन बरामद किए जाने के बाद अब स्पेशल टास्क फोर्स ने जलालाबाद में 30.672 किलो हेरोइन जब्त कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
हाईवे पर कार रोककर 30 पैकेट बरामद
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, फिरोजपुर रेंज के एसपी गुरिंदरबीर सिंह सिद्धू के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे जलालाबाद शहर में फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर हरि कृष्ण सिनेमा के पास एक हुंडई वरना कार को रोककर तलाशी ली गई।
कार में तीन लोग सवार थे। तलाशी के दौरान पुलिस को हेरोइन के 30 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 30.672 किलो था। कार का पंजीकरण नंबर फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय क्षेत्र का बताया गया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में फिरोजपुर शहर निवासी हंसप्रीत सिंह और अंशप्रीत सिंह तथा फिरोजपुर जिले के गांव गुलाम पत्रा निवासी आकाश सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि हेरोइन की यह खेप फिरोजपुर जिले के अलीके गांव से उठाई गई थी और इसे जलालाबाद में किसी व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
ड्रोन से पाकिस्तान से खेप आने का दावा
एसपी के अनुसार शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि हेरोइन की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में पहुंचाई गई थी। अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खेप किसने मंगवाई थी, इसे आगे किसे सौंपा जाना था और इसके पीछे सीमा पार से जुड़े कौन-कौन से लोग सक्रिय हैं। तीन दिन में लगातार दूसरी बड़ी बरामदगी ने फाजिल्का-फिरोजपुर बेल्ट में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और कार्रवाई को और तेज कर दिया है।