हंडेसरा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अनमोल धीमान को किया गिरफ्तार, अदालत से तीन दिन का रिमांड हासिल। बरामद कारतूसों में 8 एमएम और 7.65 बोर के कारतूस शामिल। पुलिस अब खंगाल रही हथियारों की पूरी कड़ी, पंजाब में कहां से मिले अवैध हथियार और युवक किस मकसद से उन्हें लेकर घूम रहा था।

जीरकपुर : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के युवक के पास दो देसी कट्टे और अलग-अलग बोर के 20 जिंदा कारतूस मिलने के बाद अब पुलिस की जांच हथियारों के सोर्स पर टिक गई है। हंडेसरा पुलिस ने आरोपित अनमोल धीमान निवासी बलदबाड़ा, जिला मंडी को गिरफ्तार कर अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस के सामने बड़ा सवाल है कि आरोपित के पास एक साथ दो अवैध हथियार और इतनी संख्या में कारतूस कहां से आए और वह इन्हें लेकर इलाके में किस मकसद से घूम रहा था।

एसएसपी डॉ. हरमनदीप सिंह हंस के अनुसार विशेष अभियान के तहत एसपी ग्रामीण मनप्रीत सिंह और एसपी डेराबस्सी बिक्रमजीत सिंह बराड़ के मार्गदर्शन में थाना हंडेसरा प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की निगरानी में पुलिस टीम ने नगला मोड़ पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान संदिग्ध लगने पर अनमोल धीमान को रोककर उसकी जांच की गई।

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से दो देसी कट्टे बरामद हुए। इसके साथ 20 जिंदा कारतूस भी मिले। इनमें 10 कारतूस पर 8 एमएम केएफ, जबकि अन्य 10 पर 7.65 केएफ अंकित है। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ थाना हंडेसरा में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत केस दर्ज किया।

रिमांड में खंगाली जाएगी हथियारों की पूरी कड़ी

आरोपित के हिमाचल प्रदेश का निवासी होने के कारण पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि वह पंजाब में कब और किस उद्देश्य से आया था। हथियार पंजाब में हासिल किए गए या वह इन्हें किसी दूसरे राज्य से लेकर पहुंचा, यह भी जांच का अहम हिस्सा रहेगा। पुलिस उसके संपर्कों और हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करेगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि दोनों कट्टे और कारतूस किसी वारदात के लिए रखे गए थे या इनके पीछे अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी कोई कड़ी है। फिलहाल पुलिस ने किसी बड़े नेटवर्क की पुष्टि नहीं की है और आरोपित से पूछताछ जारी है।