जीरकपुर: शहर में अवैध अतिक्रमण और बिना अनुमति लगने वाली रेहड़ी-फड़ियों के खिलाफ नगर परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को नगर परिषद की इंफोर्समेंट टीम ने पटियाला रोड पर अभियान चलाते हुए सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई कई रेहड़ियों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की तथाकथित ‘काली गाड़ी’ को देखते ही रेहड़ी संचालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपना सामान समेटकर मौके से हट गए।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी परविंदर सिंह भट्टी के निर्देशों पर इंस्पेक्टर विपिन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर कारोबार कर रहे रेहड़ी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सामान भी जब्त किया।
ट्रैफिक और पैदल राहगीरों के लिए बन रही परेशानी
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों में बिना अनुमति लगाई जाने वाली रेहड़ी-फड़ियां ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं। कई स्थानों पर सड़क का हिस्सा घिरने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित होती है, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
कार्रवाई के दौरान रेहड़ी संचालकों को चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि शहर के अलग-अलग इलाकों में चरणबद्ध तरीके से अभियान जारी रहेगा।
लगातार चल रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर परिषद की ओर से पिछले कुछ समय से अवैध निर्माण, अवैध सीवरेज कनेक्शन और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अब रेहड़ी-फड़ी संचालकों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। परिषद अधिकारियों का कहना है कि शहर को व्यवस्थित रखने और यातायात सुचारु करने के लिए नियमों का पालन जरूरी है।
कोट
“शहर में अवैध तरीके से लगाई जा रही रेहड़ी-फड़ी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर परिषद की इंफोर्समेंट टीम चरणबद्ध योजना के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।”
— विपिन, इंस्पेक्टर, नगर परिषद जीरकपुर