डीएसपी जसविंदर सिंह ढींडसा के नेतृत्व में चले सुरक्षा अभियान में किराएदारों और बाहर से आए लोगों के दस्तावेज जांचे गए। मकान मालिकों को किराएदारों का पुलिस सत्यापन कराने और होटल, पीजी व धर्मशाला संचालकों को मेहमानों का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जगरांव : स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए जगरांव पुलिस ने शहर में सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के पेइंग गेस्ट (पीजी), होटलों, धर्मशालाओं और किराए के मकानों की औचक चेकिंग की जा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके।

​डीएसपी जगरांव जसविंदर सिंह ढींडसा के नेतृत्व में पुलिस बल ने विभिन्न इलाकों का दौरा किया। इस दौरान वहां ठहरने वाले और किराए पर रहने वाले व्यक्तियों के पहचान पत्रों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।

​मकान मालिकों और प्रबंधकों को सख्त निर्देश:
चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने किराएदारों की पूरी जानकारी और सत्यापन दस्तावेज समय पर संबंधित थाने में जमा करवाएं।

इसके साथ ही, होटलों, पीजी और धर्मशालाओं के प्रबंधकों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने यहां ठहरने वाले हर मेहमान का पूरा और सटीक रिकॉर्ड (रजिस्टर) मेंटेन रखें।
​इस अभियान के दौरान डीएसपी जसविंदर सिंह ढींडसा के साथ थाना सिटी के एसएचओ परमिंदर सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय पर्व के मद्देनजर शहर की सुरक्षा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा प्रबंधों के तहत यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।