चंडीगढ़ : नागरिकों की समस्याओं का उनके द्वार पर ही समाधान सुनिश्चित करने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को जन सुनवाई आयोजित की जा रही है। उपायुक्त निशांत कुमार यादव, आईएएस, इन जन सुनवाइयों में आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनते हैं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हैं।
प्रशासन के अनुसार, 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक आयोजित जन सुनवाइयों में कुल 223 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 98 शिकायतों का मौके पर या निर्धारित समय-सीमा के भीतर निवारण किया गया, जबकि 125 शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित होने के कारण संबंधित विभागों और एजेंसियों को कार्रवाई के लिए भेजी गईं।
जन सुनवाई में मुख्य रूप से संपत्ति के हस्तांतरण एवं पंजीकरण, विभिन्न प्रमाण पत्र जारी करने, शस्त्र लाइसेंस तथा अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें पहुंच रही हैं। उपायुक्त कार्यालय की शिकायत एवं जांच शाखा द्वारा शिकायतों पर हुई कार्रवाई की लगातार निगरानी और फॉलोअप किया जा रहा है, ताकि कोई शिकायत लंबित न रहे।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि जन सुनवाई प्रशासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से और समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने चंडीगढ़वासियों से संपत्ति, प्रमाण पत्र और अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए जन सुनवाई की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।