जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : माता गुजरी जी सेवा सोसाइटी की ओर से आठवें पातशाह साहिब श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित दूसरा महान कीर्तन दरबार गुरुद्वारा गुरु नानकपुरा मोरी गेट में श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंची संगत ने गुरबाणी कीर्तन का रूहानी आनंद लिया।
समारोह की शुरुआत हजूरी कीर्तनिए भाई हीरा सिंह निमाना ने की। इसके बाद भाई चरण धूड़ सिंह, भाई जसकरणदीप सिंह और भाई मनकरनदीप सिंह गुराया वाले ने मधुर कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाल रागी बच्चों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। कम उम्र में शास्त्रीय सुरों और गुरबाणी गायन की उनकी पकड़ ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन जीत लिया।
गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान प्रिंसिपल चरनजीत सिंह भंडारी ने सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को धर्म और गुरमत से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में राजेश इंद्र सिंह सिद्धू, कंवरपाल सिंह, सतीश कुमार पप्पू सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
आयोजन की सफलता में सोसाइटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विशेष योगदान दिया। समापन पर संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया।