हरिद्वार से पंचकूला पहुंची कांवड़-तिरंगा यात्रा का माजरी चौक पर पुलिस अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा को आगे रवाना किया। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में कांवड़ मार्गों, शिविरों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

पंचकूला (कपिल नागपाल) : हरिद्वार से पंचकूला पहुंची कांवड़-तिरंगा यात्रा का माजरी चौक पर पुलिस की ओर से स्वागत किया गया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों का फूलों से स्वागत किया और यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेकर इसे आगे रवाना किया।

पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं। कांवड़ मार्गों, शिविरों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। शिविरों के आसपास बैरिकेडिंग के साथ यातायात को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार फील्ड में निगरानी कर रही है।

डीसीपी अमरिंदर सिंह ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही और आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह ने कांवड़ियों से निर्धारित मार्ग और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने आमजन से भी यात्रा के दौरान धैर्य रखते हुए पुलिस का सहयोग करने की अपील की।