जेएसी अम्बाला रीजन की ओर से पाम होटल में आयोजित विशेष तीज उत्सव में महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य, खेलों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चित्रा सरवारा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। साक्षी ने तीज क्वीन का खिताब जीता, जबकि नेहा सिंगला, अंजू गुप्ता, सोनिया, श्वेता गुप्ता और हरजीत कौर समेत अन्य विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक परंपराओं और महिला प्रतिभा का उत्साहपूर्ण संगम देखने को मिला।

अम्बाला छावनी : जेएसी अम्बाला रीजन द्वारा महिलाओं के लिए विशेष तीज उत्सव ‘सावन की मल्हार – महिलाओं के नाम एक शाम’ का भव्य आयोजन पाम होटल, अम्बाला कैंट में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, खेलों एवं नृत्य प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चित्रा सरवारा जी ने शिरकत की। उनके कार्यक्रम में पहुंचने पर सभी सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत शायरा धीमान के शानदार स्वागत नृत्य से हुई। वहीं, मुख्य अतिथि के आगमन पर सपना मित्तल ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया।

‘सावन की मल्हार’ में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में ‘वक़्त की रानी’ का खिताब नेहा सिंगला, ‘ग्लिट्ज एंड ग्लैम दिवा’ का खिताब अंजू गुप्ता, ‘मिस ग्लैमरस’ का खिताब सोनिया , ‘मिस चार्मिंग’ का खिताब श्वेता गुप्ता तथा ‘मिस एलिगेंट’ का खिताब हरजीत कौर ने जीता।
वहीं ‘तीज क्वीन’ का ताज साक्षी के सिर सजा। इसके अलावा ‘गीददा दी शान’ प्रतियोगिता में काजल और सपना गुज्जर विजेता रहीं। सभी विजेताओं को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा और उत्साह की सराहना की गई।

मुख्य अतिथि चित्रा सरवारा जी ने कहा कि तीज जैसे पारंपरिक त्योहार हमारी संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने जे ए सी अम्बाला रीजन द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित इस खूबसूरत कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की पूरी टीम को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी।

जे ए सी अम्बाला रीजन के रीजनल चेयरमैन विशेष धीमान ने कहा कि ‘सावन की मल्हार’ का उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना था, जहां वे अपनी रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी से कुछ समय निकालकर खुलकर उत्सव का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को मिली शानदार प्रतिक्रिया पूरी टीम के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने मुख्य अतिथि चित्रा सरवारा जी का अपना बहुमूल्य समय निकालकर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागियों, विजेताओं और आयोजन टीम को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर जे ए सी अम्बाला रीजन के चेयरमैन विशेष धीमान, सचिव अनिल दत्त शर्मा एवं कोषाध्यक्ष कमल गर्ग सहित जे ए सी के अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने गीत-संगीत, नृत्य, खेलों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया और ‘सावन की मल्हार’ की यह शाम सभी के लिए यादगार बन गई।