अमृतसर (आर. के. उप्पल) : फिरोजपुर मंडल ने रेल यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त बनाने के लिए रेल टिकट हमेशा रेलवे के अधिकृत माध्यमों से ही खरीदें। यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए रेलवे के आरक्षण/बुकिंग काउंटर, अधिकृत रेलवे वेबसाइट एवं ऐप तथा अधिकृत टिकट एजेंटों का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
रेल वन ऐप से टिकट बुकिंग के कई फायदे
फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों को रेल वन ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। ऐप से अनारक्षित टिकट खरीदने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट मिलती है। इसके अलावा छुट्टे पैसे रखने की परेशानी और टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों से भी राहत मिलती है।
अधिकृत माध्यम से टिकट खरीदें, सुरक्षित यात्रा करें
मंडल की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अनधिकृत व्यक्तियों या संदिग्ध माध्यमों से टिकट न खरीदें। अधिकृत माध्यम से टिकट लेने पर वैध टिकट प्राप्त होने के साथ यात्रा के दौरान अनावश्यक परेशानियों से भी बचा जा सकता है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, फिरोजपुर बसंत कुमार ने यात्रियों से आग्रह किया कि वे डिजिटल टिकटिंग को अपनाएं और रेल वन ऐप सहित रेलवे के अधिकृत माध्यमों का उपयोग कर अपनी रेल यात्रा को सुविधाजनक एवं सुखद बनाएं।