16 अगस्त को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अलवर पहुंचेंगे, जहां विजय नगर मैदान में कार्यक्रम आयोजित होगा। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के अनुसार अलवर के दूसरे मेडिकल कॉलेज का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाएगा। दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत की जा रही है। शाह के हेलीकॉप्टर से पहुंचने के लिए मैदान में हेलीपैड तैयार किया जाएगा।

अलवर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर रहेंगे। विजय नगर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को अलवर में प्रेस वार्ता कर दौरे की जानकारी दी। शाह इस दौरान करीब 700 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

भूपेंद्र यादव ने बताया कि 16 अगस्त अलवर सरस डेयरी के लिए भी अहम दिन होगा। अमित शाह नए डेयरी प्लांट की आधारशिला रखेंगे। लंबे समय से डेयरी की क्षमता बढ़ाने और नया प्लांट स्थापित करने की मांग की जा रही थी। राज्य सरकार ने इसके लिए करीब 250 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।

डेयरी क्षमता बढ़ेगी, नए उत्पादों की तैयारी

यादव ने कहा कि नए प्लांट के शुरू होने से सरस डेयरी की उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। भविष्य में मौजूदा उत्पादों के साथ चॉकलेट समेत कई नए डेयरी उत्पाद तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा सकेगा। इससे दुग्ध समितियों का विस्तार होगा और किसानों व पशुपालकों को भी इसका लाभ मिलेगा।

अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा दूसरा मेडिकल कॉलेज

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अलवर में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर अलवर के दूसरे मेडिकल कॉलेज का नाम उनके नाम पर किए जाने की तैयारी है। यादव ने कहा कि जिले में दो मेडिकल कॉलेज होना बड़ी उपलब्धि है। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का पहले ही लोकार्पण किया जा चुका है।

1.78 लाख नियुक्तियों का दावा

भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने दो वर्ष के कार्यकाल में युवाओं को बड़ी संख्या में सरकारी नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने सरकार की ओर से करीब 1.78 लाख नियुक्तियां किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष जोर रहेगा।

हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे शाह, मैदान में बनेगा हेलीपैड

अमित शाह के दौरे को देखते हुए अलवर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। यादव के अनुसार शाह हेलीकॉप्टर से विजय नगर मैदान पहुंचेंगे और इसके लिए मैदान में ही हेलीपैड तैयार किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

भाजपा संगठन भी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट गया है। पार्टी पदाधिकारी सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना को देखते हुए बैठकों और जनसंपर्क का दौर जारी है।