नई दिल्ली (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश का गौरव है और राष्ट्र के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा का निरंतर स्रोत है। प्रधानमंत्री ने लोगों से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराने का आह्वान भी किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, “हमारा तिरंगा हमारा गौरव है और राष्ट्र के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा का निरंतर स्रोत है।” उन्होंने खुशी जताई कि इस वर्ष के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रयास ‘वंदे मातरम’ को समर्पित हैं और यह पहल ऐसे समय हो रही है, जब इसकी 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।
प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट के साथ संस्कृति मंत्रालय की अपील भी साझा की। मंत्रालय ने देशवासियों से इस वर्ष के तिरंगा उत्सव का हिस्सा बनने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया है। इसके साथ ही लोगों से तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अभियान की वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील की गई है।
‘सूर्यपथ तिरंगा’ से दुनिया को जोड़ने की तैयारी
इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ‘सूर्यपथ तिरंगा’ नाम से विशेष पहल की जा रही है। इसके जरिए दुनिया के अलग-अलग समय क्षेत्रों में बसे भारतीयों को तिरंगे के माध्यम से डिजिटल रूप से जोड़ने की योजना है।
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फिजी से लेकर सैन फ्रांसिस्को तक 50 से अधिक भारतीय मिशन ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। इन मिशनों के जरिए अलग-अलग टाइम जोन में पूर्व से पश्चिम की ओर तिरंगे की तस्वीरों को डिजिटल रूप से भेजा जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य देश और विदेश में बसे भारतीयों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभावना के साझा सूत्र में जोड़ना है। प्रधानमंत्री ने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और तिरंगे के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराने का आह्वान किया है।