चंडीगढ़ : आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर चंडीगढ़ कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन सृजन अभियान के तहत AICC ऑब्जर्वर जगदीश ठाकुर ने अपने सात दिवसीय चंडीगढ़ दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस, पांचों जिला कांग्रेस कमेटियों और सभी ब्लॉकों की बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया।
जगदीश ठाकुर गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक रह चुके हैं। बैठकों के दौरान उन्होंने संगठन की मौजूदा स्थिति, जमीनी चुनौतियों और आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत स्तर पर उनकी राय, सुझाव और जमीनी अनुभव भी लिए गए।
ठाकुर ने कहा कि बैठकों और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर चंडीगढ़ कांग्रेस की विस्तृत स्थिति रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे जल्द ही AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को सौंपा जाएगा। इसके बाद प्रदेश प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने तथा नए जिला अध्यक्षों सहित आवश्यक नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस को ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह संगठन के रूप में खड़ा करना है।
जगदीश ठाकुर के अनुभव से संगठन को मिलेगा लाभ : लक्की
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि जगदीश ठाकुर ने सात दिनों तक प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति को समझा है। उन्होंने कहा कि ठाकुर ने केवल औपचारिक बैठकें नहीं कीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत राय और समस्याएं भी सुनी हैं। इससे संगठन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
35 में से अधिकतम सीटें जीतने का दावा
लक्की ने दावा किया कि चंडीगढ़ कांग्रेस पूरी तरह एकजुट और नगर निगम चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर वार्ड, बूथ और मोहल्ले तक पहुंचकर जनता के मुद्दों को उठाएगी और भाजपा की विफलताओं को जनता के सामने रखेगी।
उन्होंने दावा किया कि आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस 35 में से अधिकतम सीटों पर जीत हासिल करेगी और मेयर सहित नगर निगम के महत्वपूर्ण पदों पर कांग्रेस का कब्जा होगा। लक्की ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि नगर निगम में पारदर्शी, जवाबदेह, जनहितैषी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित करना है।