पंचकूला: श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग के समापन दिवस पर इंद्रधनुष ऑडिटोरियम श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। पंचकूला के साथ चंडीगढ़, मोहाली, जीरकपुर व आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के प्रवचन सुनकर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए पांच लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता मानव जीवन को सही दिशा देने वाला ग्रंथ है और इसके संदेश को जीवन में उतारना जरूरी है।
स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि गीता मनुष्य को सुख-दुख, लाभ-हानि और सफलता-असफलता में संतुलित रहना सिखाती है। व्यक्ति को निष्ठा से कर्म करते हुए परिणाम की चिंता भगवान पर छोड़नी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रितपाल सिंह, लतिका शर्मा, ओमप्रकाश देवीनगर, देशराज पोसवाल सहित अनेक संत-महात्मा, गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। मंच संचालन संदीप चुग ने किया।