बठिंडा (सोनू टुटेजा) : दीपनगर के पास बठिंडा-पटियाला रेलवे लाइन पार करते समय एक महिला वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला के शरीर के अंग रेलवे ट्रैक पर दूर-दूर तक बिखर गए।
घटना की सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम के सदस्य संदीप गिल और राजेंद्र कुमार दो एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने थाना जीआरपी को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। सहारा टीम ने ट्रैक पर बिखरे शव के अंगों को एकत्र कर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया।
मृतका की पहचान *आशा देवी पत्नी राजीव कुमार, निवासी कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश* के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला अपने मायके आई हुई थी और मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वापस लौट रही थी, इसी दौरान हादसा हो गया।
वहीं, शहर में दो अन्य घटनाओं में सहारा जन सेवा की टीम ने पोस्ट ऑफिस बाजार और गांधी मार्केट में बीमार मिले दो बेसहारा व्यक्तियों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया। दोनों का इमरजेंसी वार्ड में उपचार चल रहा है।