इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने सरकार पर शिक्षा और रोजगार व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के खाली पद भरने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की मांग की। उन्होंने कहा कि एचकेआरएन कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा और नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सरकार लाखों शिक्षित युवाओं के लिए स्थायी भर्ती का रास्ता खोले।

अंबाला : इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने सरकार से सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) जैसी अस्थायी रोजगार व्यवस्था को समाप्त कर नियमित भर्ती लागू करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की प्रगति मजबूत शिक्षा व्यवस्था और युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देने पर निर्भर करती है। सरकारी स्कूलों को कमजोर करने या स्थायी नौकरियों के स्थान पर ठेका आधारित रोजगार बढ़ाने का सबसे अधिक नुकसान गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों को होता है। सरकार को स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद भरने, आधुनिक सुविधाएं देने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

ओंकार सिंह ने आरोप लगाया कि एचकेआरएन के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा और नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कई कर्मचारियों से छह दिन काम लिया जा रहा है, जबकि अधिकांश सरकारी विभागों में पांच दिन का कार्य सप्ताह है।

उन्होंने कहा कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार की प्रतीक्षा में हैं। सरकार वर्षों से खाली पड़े पदों पर नियमित भर्ती करे। शिक्षा और रोजगार युवाओं का अधिकार है, इसलिए कच्ची भर्ती समाप्त कर स्थायी, सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।