अमृतसर के मजीठा रोड पर डॉक्टर के क्लीनिक में पिस्तौल तानकर फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। आरोपी सुखबीर सिंह पर पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था और वह कुलचे की दुकान चलाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्तौल व कारतूस समेत वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा और काला हेलमेट बरामद किया है।

अमृतसर (आर. के. उप्पल) : थाना मजीठा रोड पुलिस ने एक डॉक्टर को पिस्तौल की नोक पर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले को 12 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को करीब सुबह 11:30 बजे डॉक्टर अपने क्लीनिक में मौजूद थे। इसी दौरान काला हेलमेट पहने एक व्यक्ति क्लीनिक में दाखिल हुआ और पिस्तौल डॉक्टर की ओर तानकर सोमवार तक 10 लाख रुपये तैयार रखने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी पिस्तौल सहित मौके से फरार हो गया।

डॉक्टर के बयानों के आधार पर थाना मजीठा रोड में मुकदमा नंबर 105, दिनांक 08.08.2026 के तहत धारा 351(2), 351(3), 308(4) बीएनएस तथा 25-27-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

51 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी की पहचान सुखबीर सिंह पुत्र हरी सिंह, निवासी भवानी नगर, मजीठा रोड, अमृतसर, उम्र 51 वर्ष के रूप में की और उसे थाना मजीठा रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पर काफी कर्ज था और वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी कारण उसने कथित तौर पर फिरौती मांगने का रास्ता अपनाया। पुलिस के अनुसार आरोपी मजीठा रोड पर कुलचों की दुकान चलाता था।


आरोपी से बरामद सामान


.32 बोर की एक पिस्तौल
.32 बोर के दो जिंदा कारतूस
एक्टिवा स्कूटर नंबर PB02 EH 1819
काले रंग का एक हेलमेट!


उक्त कार्रवाई पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस के निर्देशों पर, एडीसीपी सिटी-2 श्री सिरीवेनेला, आईपीएस के दिशा-निर्देशन तथा एसीपी नॉर्थ गगनदीप सिंह की निगरानी में थाना मजीठा रोड के प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार और एसआई तरसेम सिंह सहित पुलिस टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है।