स्वास्थ्य विभाग ने 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और युवाओं को पेट के कीड़ों से बचाने के लिए जिले में व्यापक अभियान की तैयारी की है। 1,745 सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों, 435 निजी स्कूलों और 1,915 आंगनवाड़ी केंद्रों में दवा दी जाएगी। करीब 3.60 लाख स्कूली और 40 हजार आंगनवाड़ी बच्चों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है।

होशियारपुर (दलजीत अजनोहा : बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाने तथा उनके स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पंजाब की ओर से 10 अगस्त को राष्ट्रीय डी-वर्मिंग दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान जिले में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और युवाओं को एल्बेंडाजोल की निःशुल्क खुराक दी जाएगी।

सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल ने बताया कि पेट के कीड़ों के कारण बच्चों में खून और आयरन की कमी, कमजोरी, भूख कम लगना, पेट दर्द और कुपोषण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अभियान के तहत जिले के 1,745 सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों, 435 निजी स्कूलों और 1,915 आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को दवा दी जाएगी। करीब 3.60 लाख स्कूली बच्चों और 40 हजार आंगनवाड़ी बच्चों को कवर करने का लक्ष्य है।

अभियान के लिए करीब 3.80 लाख एल्बेंडाजोल गोलियां और 10,200 सिरप की व्यवस्था की गई है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग ने बताया कि 10 अगस्त को दवा लेने से वंचित बच्चों को 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर खुराक दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अभियान में सहयोग की अपील की है।