अम्बाला : जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए रेलवे लगातार माल परिवहन को प्रोत्साहित कर रहा है। इसी कड़ी में अम्बाला छावनी माल गोदाम से जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लिए चावल के दो वैगन रवाना किए गए हैं। इस लदान से अम्बाला मंडल को लगभग 1.33 लाख रुपये की आय होने की उम्मीद है।
स्थानीय व्यापारियों को रेलवे से जोड़ने पर जोर
उत्तर रेलवे का अम्बाला मंडल अम्बाला और आसपास के क्षेत्रों के लघु उद्यमियों एवं व्यापारियों के माल को रेलवे वैगन के माध्यम से कश्मीर घाटी तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसके तहत माल ढुलाई से संबंधित सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी व्यापारियों एवं भाड़ा ग्राहकों तक पहुंचाई जा रही है।
अप्रैल से जून तक सात वैगन जैविक खाद भेजी
मंडल के अनुसार, अप्रैल से जून 2026 के दौरान अम्बाला छावनी माल गोदाम से अनंतनाग के लिए जैविक खाद के कुल सात वैगन सफलतापूर्वक भेजे गए। इसके अलावा निजी पार्टी का चावल भी तीन वैगनों के माध्यम से अनंतनाग और पंपोर भेजा गया।
सड़क परिवहन की तुलना में किफायती विकल्प
रेलवे के माध्यम से माल परिवहन न केवल व्यापारियों के लिए किफायती है, बल्कि पर्यावरण के लिहाज से भी अधिक अनुकूल माना जाता है। इस पहल से रेलवे की आय बढ़ाने के साथ-साथ सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
सुरक्षित और समयबद्ध माल परिवहन के लिए प्रतिबद्ध रेलवे
अम्बाला मंडल ने कहा कि व्यापार एवं उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप बेहतर माल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने, नए माल यातायात स्रोत विकसित करने और ग्राहकों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने के लिए रेलवे लगातार प्रयासरत है।