होटल रीगल व्यू में आयोजित भव्य तीज उत्सव में सैकड़ों महिलाओं ने लिया हिस्सा, पारंपरिक परिधानों में पहुंचीं महिलाएं। गेम्स, प्रश्नोत्तरी और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह, विजेताओं को दिए आकर्षक उपहार। पूजा बनीं मिस तीज, जबकि सनी देवगन ने मिस सेल्फी क्वीन, रविन्द्र कौर ने मिस पंजाबन, श्रुति जैन ने मिस पटोला और मीत ने मिस सोनी कुड़ी का खिताब जीता।

लुधियाना: सेक्टर-39 में पिछले कई वर्षों से मनाए जा रहे हरियाली तीज के उत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी हरियाली तीज का भव्य कार्यक्रम होटल रीगल व्यू, चंडीगढ़ रोड, सेक्टर-39 में बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लुधियाना शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर उत्सव की रौनक बढ़ाई।

इस अवसर पर पार्षद निधि गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाली तीज पंजाब की संस्कृति, परंपरा और महिलाओं के उत्साह से जुड़ा एक खूबसूरत पर्व है। तीज का त्योहार महिलाओं को अपनी संस्कृति से जुड़ने, मिल-बैठकर खुशियां बांटने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी समृद्ध परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में लुधियाना के मशहूर एंकर गगन गांधी ने शानदार अंदाज में एंकरिंग करते हुए महिलाओं का मनोरंजन किया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह बनाए रखा। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विशेष रूप से रैंप वॉक, तीज से जुड़े प्रश्न, विभिन्न मनोरंजक गेम्स और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

पंजाब की संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए महिलाओं ने गिद्धा और भंगड़ा का भी जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा विजेताओं और प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में “मिस तीज” का खिताब भी दिया गया।

इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक पंजाबी परिधानों और तीज के रंगों में सजकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सैकड़ों की संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

वानी गोयल ने कहा

“हरियाली तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर है। इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को एक साथ आने और अपनी खुशियां साझा करने का खूबसूरत मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का आयोजन बेहद शानदार रहा और सभी महिलाओं ने इसका भरपूर आनंद लिया।”

निधि मित्तल ने कहा

“हरियाली तीज का उत्सव महिलाओं के लिए उमंग, खुशी और आपसी मेल-जोल का प्रतीक है। कार्यक्रम में जिस तरह महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, वह बेहद उत्साहजनक रहा। गिद्धा, भंगड़ा, गेम्स और रैंप वॉक ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।”मिस तीज का खिताब पूजा, मिस सेल्फी क्वीन सनी देवगन, मिस पंजाबन रविन्द्र कौर,मिस पटोला श्रुति जैन, मिस सोनी कुड़ी मीत को दिया गया ।

शिवानी विशिष्ट ने कहा

“सेक्टर-39 में हरियाली तीज का यह आयोजन हमारी पंजाबी संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश करता है। महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी और उनका उत्साह देखकर बेहद खुशी हुई। ऐसे कार्यक्रम हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने में अहम योगदान देते हैं।”

कार्यक्रम के अंत में आयोजक पार्षद निधि गुप्ता, निधि मित्तल, शिवानी वशिष्ट, वाणी गोयल की ओर से सभी महिलाओं और सहयोगियों का धन्यवाद किया गया तथा भविष्य में भी इसी तरह सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करते रहने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर सोनिया गोयल, महक शर्मा, रमन सेखों, नेहा मग्गो, रेखा कपूर, हेम लता, नेहा गोयल, रेणु कंसल, हरप्रीत सेखों, रीना अरोड़ा, अमिता देवगन, सनी देवगन, सुरुचि जिंदल, स्वीना गुप्ता,कीर्ति कालरा, भूपिंदर कौर, ममता बतरा व अन्य शामिल हुए ।