पंचकूला: पंचकूला के बुद्दनपुर इलाके में शराब के ठेके के पास दो युवकों पर कुछ हमलावरों ने चाकू, डंडों और तलवारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी आरिफ और तालिब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक ठेके के पास खड़े थे, तभी कुछ युवकों ने उन पर हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुई वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में दोनों युवकों के सिर, पीठ और टांगों पर चोटें आई हैं।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान और हमले के कारणों की जांच कर रही है।
जांच अधिकारी सिंहराज ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।