उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। एक घंटे से अधिक चली बैठक के बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच सरकार-संगठन समन्वय, चुनावी रणनीति और केंद्र-राज्य की विकास योजनाओं को लेकर चर्चा की संभावना जताई जा रही है।

नई दिल्ली (Naren Danu) : उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच दिल्ली में शनिवार को राजनीतिक हलचल तेज दिखाई दी। मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक एक घंटे से अधिक चली। इसके बाद योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की और इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री मोदी की लंबी मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि बैठक में हुई चर्चा का आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

सरकार-संगठन के तालमेल पर भी मंथन के संकेत

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री की बैठकों के दौरान उत्तर प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, आगामी चुनाव की रणनीति तथा केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं को लेकर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

खास तौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए संगठनात्मक मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी के बीच हुई मुलाकातों ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।

दो महीने में दूसरी बार दिल्ली दौरा

उल्लेखनीय है कि करीब दो महीने पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात की थी। अब एक बार फिर दिल्ली में दोनों शीर्ष नेताओं से उनकी मुलाकात को आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।