गांव बदोवाल में 608.6 गज जमीन को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। एनआरआई पक्ष ने एशियन स्कूल के चेयरमैन आदित्य लाडिया, पत्नी शाइना लाडिया और प्रिंसिपल पर करीब 200 गज जमीन स्कूल में मिलाने, चारदीवारी गिराने और सामान चोरी करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत एसएसपी जगराओं को दी गई है, जिसकी जांच डीएसपी अश्वनी कुमार कर रहे हैं।

लुधियाना (राजदीप सिंह) : लुधियाना में लगातार बढ़ रहे जमीनों के दाम की वजह से लोगों के ईमान बेइमान होने शुरु हो चुके हैं। हालात यह है कि शहर के नामी लोगों पर भी अब कब्जे करने के आरोप लगने लग गए हैं। ताजा मामला गांव बदोवाल का सामने आया है। जहां पर एक एनआरआई द्वारा एशियन स्कूल के चेयरमैन आदित्य लाडिया और उनकी पत्नी शाइना लाडिया और स्कूल प्रिंसिपल पर जबरन जमीन कब्जाने, चोरी और तोड़फोड़ करने के आरोप लगे हैं। इस संबंध में एनआरआई की तरफ से एसएसपी जगराओं को शिकायत भी दी गई है।

हालांकि आदित्य लाडिया द्वारा इस बात से साफ इंकार किया गया है। जानकारी देते हुए जोबनजीत सिंह हुंदल ने बताया कि उनके रिश्तेदार फिल्लौर के रहने वाले सुखविंदर सिंह एनआरआई है। उनका एक प्लॉट 608.6 गज गांव बदोवाल में मौजूद है, जो कि तीन खसरा नंबर का हिस्सा है। यह प्लॉट राजेश अग्रवाल से फरवरी 2012 में खरीदा गया था। जिसकी पावर ऑफ एंटर्नी जोबनजीत सिंह के पास है। यह जमीन एशियन स्कूल के एकदम साथ लगती है। जिसके चलते इस पर कब्जा किया जा रहा है।

जबरन स्कूल में मिल डाली जमीन
जोबनजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने उक्त तीन खसरों में 608.6 गज जमीन खरीदी थी, जबकि बाकी का रकबा शाइना लाडिया ने खरीदा था। उनका इंतकाल नंबर भी अलग है। जोबनजीत अनुसार उन्होंने उक्त जमीन 2012 में खरीदी, जबकि शाइना ने 2024 में खरीदी थी। आरोप है कि आदित्य द्वारा समझी साजिश के तहत उनकी जमीन में से 200 गज जमीन अपने स्कूल में मिलाकर कब्जा कर लिया। उनकी चारदीवारी गिरा दी। जब जोबनजीत मौके पर गया तो उसने कब्जा देखा। जबकि प्लॉट पर लगा गेट व अन्य सामान चोरी था। आदत्यि और शाइना द्वारा स्कूल प्रिंसिपल और कई अन्य लोगों के साथ मिलकर यह कब्जा किया।

दूसरे के खसरे नंबर दिखा किया कब्जा
जोबनजीत सिंह अनुसार बीआरएस नगर के डॉ. प्रभजीत सिंह और उनकी पत्नी रिंपू दमन की भी गांव बदोवाल में जमीन थी। जिसके खसरा नंबर भी अलग है। आदित्य की और से उनके खसरे की जमीन खरीद ली, जबकि कब्जा उनकी जमीन पर कर लिया। जब उन्होंने रिंपू दमन खिलाफ पुलिस को शिकायत दी तो उन्होंने एक एफिडेविट दिया। जिसमें लिखा है कि आदित्य और शाइना लाडिया को उन्होंने दूसरी जमीन बेची थी, जिसे पहले ही स्कूल में मिला लिया गया है। लेकिन वे उनका नाम इस्तेमाल करके जोबनजीत की जमीन कब्जाने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि उनका जोबनजीत की जमीन से लेनदेन नहीं है। जोबनजीत का आरोप है कि आदित्य द्वारा शातिर तरीके से रिंपू दमन के पति डॉ. प्रभजोत को उनके प्लॉट में खड़े करके फोटो क्लिक करके रजिस्ट्री बैनामा में इस्तेमाल की गई, जो कि अलग अपराध बनता है।

एसएचओ के सामने माना, फिर किया इंकार
जोबनजीत का आरोप है कि उन्होंने एक महीना पहले इस संबंधी थाना मुल्लापुर में शिकायत दी। एसएचओ द्वारा दोनों पक्षों को बुलाया गया। वहां पर आदित्य द्वारा कब्जे की बात मानी गई और तुरंत कब्जा खाली करने का आश्वासन दिया। लेकिन बाद में इंकार कर दिया। जिसके बाद उन्होंने इस संबंधी एसएसपी जगराओं को शिकायत दी है। जिसकी जांच डीएसपी अश्वनि कुमार द्वारा की जा रही है। जहां पर उन्होंने प्रॉपर्टी के असली दस्तावेज और रिंपू दमन द्वारा दिया एफिडेविट भी पेश कर दिया है।

झूठे बोलकर गुमराह कर रहे हैं लोग
वहीं आदित्य लाडिया ने कहा कि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। हमने पेमेंट देकर जमीन खरीदी और हमारे साथ फ्रॉड किया गया है। प्रभजोत सिंह नामक व्यक्ति द्वारा मुझे जमीन बेची गई। लीगल तौर पर पेमेंट देकर कब्जा लिया गया। लेकिन कुछ लोगों द्वारा आपसी मिलीभगत करके उनकी जमीन पर कब्जा कर कार खड़ी कर दी गई। आदित्य अनुसार उन्होंने कई बार डा. प्रभजोत सिंह को मौके पर आने, पंचायत बैठाने और थाने आने को कहा गया, ताकि पूरी बात क्लियर हो सके। लेकिन वे सच से भाग रहे हैं। मैंने एसएचओ के सामने कोई बात नहीं मानी, झूठी कहानी बनाई जा रही है। हम एजुकेटेड परिवार से है, हम पीड़ित है और हमें मानसिक तौर पर परेशान किया जा रहा है।