जालंधर : जालंधर भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े कैंटर से जा भिड़ी। हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे। हादसे में दो युवक कार के अंदर फ्रंट सीट पर फंस गए, जबकि एक युवक रोड पर जा गिरा। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार की छत टूटकर अलग हो गई, नंबर प्लेट भी दूर जा गिरी। एयर बैग भी खुल गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसी लाशों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे में मृतकों की पहचान रामू (25) निवासी गुलमर्ग कॉलोनी, जालंधर और विजय वर्मा (26) के रुप में हुई है। जबकि तीसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी।
जालंधर से अमृतसर जा रही थी कार
एसएचओ राकेश कुमार के अनुसार तेज रफ्तार स्विफ्ट जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही थी। भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर कैंटर खड़ा हुआ था। तेज रफ्तार होने के कारण कार सीधे कैंटर में भिड़ गई। जानकारी के अनुसार मृतक विजय फैक्ट्री में काम करता था और करीब 10 साल से जालंधर में भाई राकेश के साथ रह रहा था। उसका बाकी परिवार यूपी के बलरामपुर में रहता है। हादसे के बाद कैंटर ड्राइवर मौके से फरार है।