पंचकूला : ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-3 में आयोजित पांच दिवसीय स्प्रिंट बॉक्सिंग प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को उत्साह के साथ समापन हुआ। शिविर का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर बॉक्सिंग प्रशिक्षण देकर उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय कुमार दहिया के मार्गदर्शन में किया गया। हरियाणा समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक स्वप्निल रवींद्र पाटिल तथा संयुक्त राज्य परियोजना निदेशक डॉ. मयंक वर्मा की अगुवाई में खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
समापन समारोह में एसोसिएट कंसल्टेंट डॉ. सुधीर शर्मा ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लाभ बताए और नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। जिला परियोजना अधिकारी जोगिंदर लाठर ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं।
विपुल शर्मा ने खिलाड़ियों से अपने जिलों में अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों से जोड़ने का आह्वान किया। डीपीआई दयानंद ने बॉक्सिंग में तकनीक, फिटनेस और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया। खिलाड़ियों ने भी अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए।