चंडीगढ़ : सेक्टर-24-सी स्थित रामलीला मैदान में वाल्मीकि मंदिर के पास नए सार्वजनिक शौचालय के निर्माण कार्य की शुरुआत शनिवार को चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने की। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, स्थानीय निवासी, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि और दशहरा कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
नया सार्वजनिक शौचालय वार्ड डेवलपमेंट फंड के तहत करीब 14.66 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जा रहा है। नगर निगम के अनुसार निर्माण कार्य करीब तीन महीने में पूरा होने की उम्मीद है।
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से वाल्मीकि मंदिर और रामलीला मैदान में आने वाले लोगों के अलावा मॉर्निंग वॉक करने वालों, पार्क में आने वाले लोगों और आसपास के निवासियों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम चंडीगढ़ में मूलभूत नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है। सार्वजनिक सुविधाओं में साफ-सफाई और स्वच्छता के उचित मानकों को बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेहतर सैनिटेशन इंफ्रास्ट्रक्चर स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मेयर ने शहरवासियों से सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और चंडीगढ़ को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना नगर निगम की नागरिक सुविधाओं में सुधार और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय निवासियों, आरडब्लूए प्रतिनिधियों और दशहरा कमेटी के सदस्यों ने नए सार्वजनिक शौचालय के निर्माण का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया।